.

इस तरह बनी कढ़ी खाएंगे तो अंगुलियां चाटते रह जाएंगे

नमस्कार मैं हूं योगी योगेन्द्र जैसा कि आप जानते हैं कि सब्जियां खाते खाते कई बार मन कुछ नया खाने को करता है। आज हम आपको पकौड़े की कढ़ी बनाने का बहुत ही अच्छा तरीका बताएंगे। कढ़ी को आप चावल रोटी आदि के साथ खा सकते हैं।


आवश्यक सामग्री
बेसन ४०० ग्राम। खट्टा दही ८०० ग्राम। तेल दो बड़े चम्मच। हींग एक चुटकी। जीरा एक छोटी चम्मच। मैथी के दाने एक छोटी चम्मच। हल्दी पाउडर आधा चम्मच। लाल मिर्च आधा चम्मच। नमक स्वादानुसार। हरी मिर्च तीन चार बारीक कटी हुई। बारीक कटा हुआ हरा धनिया एक बड़ा चम्मच और तलने के लिए तेल।

शुरूआत कैसे करें
कढ़ी बनाने के लिए सबसे पहले छलनी की सहायता से बेसन को छान लें और इसमें पानी डालकर एक गाढ़ा घोल बना लें। इस बात का विशेष ध्यान रखें कि घोल को अच्छी तरह फेंट लेना है। बेसन पानी में पूरी तरह घुल जाना चाहिए। अब इस घोल को दो भागों में बांट लें। एक भाग से हम पकौड़ी बनाएंगे।

पकौड़ी कैसे बनाएं
कढ़ाई में तलने के लिए तेल गर्म कीजिये। जब तेल पूरी तरह गर्म हो जाए तो बेसन के एक भाग में से चमचे की सहायता से थोड़ा थोड़ा बेसन लेकर गर्म तेल में डालिये और पकौडिय़ों को ब्राउन होने तक तलें। गोल गोल पकौडिय़ां कलछी की सहायता से पलट पलट कर अच्छी तरह से तल लें। इसके बाद कढ़ी बनाएं।

कढ़ी बनाने की विधि
दही को फेंट कर एक बर्तन में निकाल लें। बेसन के दूसरे भाग को इसमें मिलाकर करीब डेढ़ लीटर पानी मिला दीजिये। कढ़ाई में एक बड़ा चम्मच तेल गर्म करें। गर्म तेल में हींग मैथी और जीरा डाल दें। जीरा ब्राउन होने पर हल्दी लाल मिर्च पाउडर और हरी मिर्च डाल दें। मसालों में अब दही बेसन का घोल डालकर चलाते रहें। जब उबाल आने लगे तो इसमें पकौडिय़ां डाल दें और चलाते रहें। फिर से उबाल आने पर नमक डालें और चलाते हुए पंद्रह मिनट तक धीमी आग पर उबालते रहें। आप देखेंगे कि कढ़ी के ऊपर किनारों की ओर बेसन की मलाई आना शुरू हो जाएगी।

कैसे परोसें
आपकी कढ़ी बनकर तैयार है। कढ़ी को किसी कटोरी में निकालकर उसके ऊपर कटा हुआ बारीक हरा धनिया डालें और चावल चपाती या नॉन के साथ परोसें। अगर आपको तीखा खाना पसंद है तो आप लाल मिर्च का तड़का भी लगा सकते हैं। दोस्तों आपको यह जानकारी कैसी लगी कमेंट बॉक्स में लिखें। अच्छी लगी तो लाइक और शेयर करें। ऐसी ही अन्य पोस्ट पढ़ते रहने के लिए और हमसे जुड़े रहने के लिए हमें फॉलो करें धन्यवाद।


EmoticonEmoticon